भारत का मोबाइल अस्पताल श्रीलंका में चक्रवात प्रभावितों की मदद कर रहा है
भारत की सहायता से श्रीलंका में चिकित्सा सेवाएं
भारत द्वारा स्थापित मोबाइल अस्पताल ने श्रीलंका में चक्रवात 'दित्वा' से प्रभावित 2,200 से अधिक व्यक्तियों को चिकित्सा सहायता प्रदान की है। यह जानकारी कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने रविवार को साझा की।
उच्चायोग ने बताया कि भारत ने चक्रवात 'दित्वा' के कारण आई बाढ़ से प्रभावित श्रीलंका को इंजीनियरिंग सहायता और ताजा राहत सामग्री की आपूर्ति के माध्यम से अपनी मदद बढ़ाई है।
चक्रवात के कारण श्रीलंका में गंभीर बाढ़ और भूस्खलन ने बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे कई जिले अलग-थलग पड़ गए हैं और देश की आपदा-प्रतिक्रिया क्षमता पर दबाव बढ़ गया है।
16 नवंबर से अब तक चक्रवात 'दित्वा' के कारण कम से कम 627 लोगों की जान जा चुकी है और 190 लोग लापता हैं। भारतीय उच्चायोग ने विदेश मंत्रालय के एक सोशल मीडिया पोस्ट को अपने 'एक्स' हैंडल पर साझा करते हुए बताया कि कैंडी के पास महियांगनया में स्थापित 'फील्ड' अस्पताल ने 5 दिसंबर से प्रभावित लोगों को चिकित्सा सेवाएं दी हैं।
अस्पताल ने 67 छोटी शल्य क्रियाएं और तीन बड़ी सर्जरी भी की हैं। यह 'फील्ड' अस्पताल भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान के माध्यम से 78 सदस्यीय भारतीय चिकित्सा दल के साथ श्रीलंका पहुंचा।
एक अन्य पोस्ट में भारतीय उच्चायोग ने बताया कि श्रीलंकाई सेना के इंजीनियरों और सड़क विकास प्राधिकरण के साथ मिलकर भारतीय सेना के इंजीनियर किलिनोच्ची में परांथान-कराच्ची-मुल्लातिवु (ए35) सड़क पर क्षतिग्रस्त पुल को हटाने का कार्य शुरू कर चुके हैं, जो चक्रवात के कारण बाधित एक महत्वपूर्ण मार्ग है।
