भारत में गर्मी का कहर: 47 डिग्री पार पहुंचा तापमान
गर्मी की लहर: भारत के 92 शहरों में रिकॉर्ड तापमान
नई दिल्ली: इस वर्ष 15 अप्रैल तक मौसम सामान्य बना हुआ था, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव खत्म होते ही गर्मी की एक नई लहर ने दस्तक दी है। अब देश के कई हिस्सों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है, जिससे भारत विश्व के 100 सबसे गर्म शहरों में से 92 स्थानों पर काबिज है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है। उत्तर भारत में रातें भी गर्म रहने की आशंका है, जो हीट डोम जैसी स्थिति को दर्शाती है।
बांदा में सर्वाधिक तापमान
शनिवार को बांदा, उत्तर प्रदेश में 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक है। इसके बाद प्रयागराज में 45.5 डिग्री, वाराणसी में 45 डिग्री और झांसी में 44.8 डिग्री तापमान रहा। अप्रैल की शुरुआत में ही कई प्रमुख शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।
गर्मी का कहर
भारत के 100 सबसे गर्म शहरों में से 37 उत्तर प्रदेश के हैं। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के 18, पंजाब के 7, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के 6-6, और बिहार तथा ओडिशा के 5-5 शहर शामिल हैं। अधिकांश शहरों में तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच है। दिल्ली में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसके चलते राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हीट स्ट्रोक यूनिट स्थापित की गई है।
काम पर रोक
गर्मी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे तक काम पर रोक लगा दी गई है। वहीं, केरल में लोगों को दिन में 11 से 3 बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। कर्नाटक के सभी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट बनाने का आदेश दिया गया है।
