भारतीय रेलवे ने होली के लिए 10 नई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की
होली के त्योहार पर विशेष ट्रेनें
नई दिल्ली: होली के अवसर पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने विशेष व्यवस्थाएँ की हैं। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में कंफर्म टिकट प्राप्त करना कठिन हो जाता है, इसलिए यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इस क्रम में कोलकाता, बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच 10 नई होली स्पेशल ट्रेनों की सूची जारी की गई है। पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से विशेष रूप से यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी और उन्हें टिकट की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
लालकुआं-कोलकाता स्पेशल ट्रेन का विवरण
रेलवे द्वारा जारी की गई नई सूची में लालकुआं-कोलकाता-लालकुआं स्पेशल (05060/05059) शामिल है। गाड़ी संख्या 05060 लालकुआं-कोलकाता स्पेशल 5 मार्च से 26 मार्च तक हर गुरुवार को लालकुआं से दोपहर 13.35 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 23.55 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05059 कोलकाता-लालकुआं स्पेशल 7 मार्च से 28 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 5.00 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 15.45 बजे लालकुआं पहुंचेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और बरौनी जैसे कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
सहरसा-पूर्णिया कोर्ट के बीच स्पेशल ट्रेनें
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए सहरसा-पूर्णिया कोर्ट-सहरसा स्पेशल (05506/05505) का भी संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 05506 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 6 मार्च से 15 मार्च तक हर मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सहरसा से दोपहर 13.20 बजे चलकर 15.30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 05505 पूर्णिया कोर्ट-सहरसा स्पेशल 9 मार्च से 17 मार्च तक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार को पूर्णिया कोर्ट से दोपहर 3 बजे रवाना होगी और शाम 6.30 बजे सहरसा पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन दौरम मधेपुरा, मुरलीगंज और बनमंखी स्टेशनों पर रुकेगी।
सोगरिया-दानापुर और डानकुनी-पटना का शेड्यूल
रेलवे ने सोगरिया-दानापुर-सोगरिया होली स्पेशल (09803/09804) चलाने का भी निर्णय लिया है। यह गाड़ी 1 मार्च को सोगरिया से रात 11.10 बजे चलकर अगले दिन रात 11.45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में यह 3 मार्च को दानापुर से रात 1.15 बजे रवाना होकर अगले दिन 1.10 बजे सोगरिया पहुंचेगी। इसके अलावा डानकुनी-पटना स्पेशल (03035/03036) 27 फरवरी और 4 मार्च को डानकुनी से रात 12.30 बजे चलेगी और दोपहर 2.45 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यही गाड़ी 27 फरवरी और 4 मार्च को पटना से शाम 4.15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे डानकुनी पहुंचेगी।
