महाराष्ट्र में शिवसेना को बड़ा झटका, 20,000 सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा
शिवसेना के सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा
मुंबई। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को जबरदस्त जीत मिली है, वहीं महाराष्ट्र में एनडीए को एक बड़ा झटका लगा है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के 20,000 से अधिक सदस्यों और 55 शाखा प्रमुखों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा तब आया है जब महाराष्ट्र में 246 नगरपालिकाओं और 42 नगर पंचायतों के चुनाव होने वाले हैं। मतदान 2 दिसंबर को होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।
महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को निकाय चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को एक बड़ा झटका लगा है। करमाला विधानसभा से चुनाव लड़ चुके शिवसेना के वरिष्ठ नेता दिग्विजय बागल ने इस्तीफा दिया है। उनके साथ ही 20,000 शिव सैनिकों और 55 शाखा प्रमुखों ने भी पार्टी से सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया है। दिग्विजय के इस कदम से 2 दिसंबर को होने वाले निकाय चुनाव में पार्टी को गंभीर नुकसान हो सकता है। उल्लेखनीय है कि दिग्विजय बागल, राज्य के पूर्व मंत्री स्वर्गीय दिगंबरराव बागल के पुत्र हैं।
