मार्च 2026 में जीएसटी संग्रह में अभूतपूर्व वृद्धि
जीएसटी संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि
नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2025-26 के अंतिम महीने, मार्च में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। इस महीने में जीएसटी संग्रह दो लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा, जो पिछले 10 महीनों में सबसे अधिक है। सरकार ने बताया कि सालाना आधार पर जीएसटी संग्रह में 8.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले साल मार्च में यह आंकड़ा 1.83 लाख करोड़ रुपए था। इसके अलावा, जीएसटी का नेट कलेक्शन भी पिछले वर्ष की तुलना में 8.2 प्रतिशत अधिक रहा।
सरकार ने बुधवार, एक अप्रैल को जीएसटी के आंकड़े जारी किए। पिछले साल मई के बाद मार्च 2026 में सबसे अधिक जीएसटी संग्रह हुआ है। यदि पूरे वित्त वर्ष की बात करें, तो जीएसटी संग्रह 8.3 प्रतिशत बढ़कर 22.27 लाख करोड़ रुपए हो गया। जीएसटी रिफंड के बाद नेट कलेक्शन 7.1 प्रतिशत बढ़कर 19.34 लाख करोड़ रुपए रहा। पिछले वित्त वर्ष में ग्रॉस कलेक्शन 20.25 लाख करोड़ रुपए और नेट कलेक्शन 18.07 लाख करोड़ रुपए था।
