मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में समस्याएं सुनीं
मुख्यमंत्री का जनता दर्शन कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्रों को लेकर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि अवैध कब्जे को किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा। भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित और संतोषजनक निस्तारण का निर्देश देते हुए लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कुछ शिकायतकर्ताओं ने जमीन कब्जा और मारपीट की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से बात की, उनके प्रार्थना पत्र लिए और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद स्तर पर कानून और राजस्व मामलों में तेजी से सुनवाई की जाए। कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है, और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दबंगों और भूमाफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते रहें। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कुछ लोगों ने आर्थिक सहायता की मांग की। सीएम ने कहा कि सरकार इलाज के लिए आर्थिक मदद प्रदान कर रही है। वे अस्पताल से जल्द एस्टिमेट बनवाकर दें, जिससे सरकार तुरंत सहायता कर सके। धन की कमी से इलाज नहीं रुकेगा।
‘जनता दर्शन’ में कई बच्चे भी अपने माता-पिता के साथ आए। सीएम योगी ने बच्चों के प्रति अपनी स्नेहभावना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने बच्चों का हालचाल लिया, उन्हें प्यार किया और चॉकलेट दी। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि ठंड में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। इस अपनत्वपूर्ण व्यवहार के लिए अभिभावकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
Pic Credit : ANI
