Newzfatafatlogo

मुरादाबाद नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ सियासी हलचल

मुरादाबाद नगर निगम में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के खिलाफ सुहेलदेव समाज पार्टी ने 28 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है। ज्ञापन में नियुक्तियों में अनियमितताओं, टैक्स घोटाले और अन्य भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख किया गया है। अपर नगर आयुक्त पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी ने जनांदोलन की चेतावनी दी है।
 | 
मुरादाबाद नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ सियासी हलचल

भ्रष्टाचार के खिलाफ सुहेलदेव समाज पार्टी का आक्रामक रुख


मुरादाबाद:- नगर निगम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के खिलाफ अब राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सुहेलदेव समाज पार्टी ने निगम प्रशासन पर सीधा हमला करते हुए 28 बिंदुओं का ज्ञापन एसीएम को सौंपा है। पार्टी ने निगम में फैले भ्रष्टाचार की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है। नियुक्तियों में अनियमितताओं और नगर निगम के कर्मचारी अध्यक्ष तथा टैक्स इंस्पेक्टर सुभान की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। सुभान और उनकी टीम पर 16 करोड़ रुपये के टैक्स रशीद घोटाले का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा, नगर निगम में भर्ती, ठेकों, टैक्स वसूली और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर घोटाले की शिकायत की गई है।


सुहेलदेव समाज पार्टी के पदाधिकारी ज्ञापन देने के लिए जिलाध्यक्ष अधिकारी कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें ज्ञापन लेने के लिए जिला कार्यालय बुलाया। पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि चौधरी ने नगर निगम में हो रहे घोटालों को उजागर किया है। ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसमें शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और परिसंपत्तियों की जांच की मांग की गई है। लगभग 600 भर्तियों में प्रति व्यक्ति 2 लाख रुपये तक की रिश्वत मांगने के आरोप, 87 सफाईकर्मियों की भर्ती में 1 से 1.5 लाख रुपये की वसूली का खुलासा, अवैध इंस्टालेशन रैकेट और टैक्स घोटाले की शिकायतें शामिल हैं।


अपर नगर आयुक्त पर भी लगे गंभीर आरोप:


अपर नगर आयुक्त अजीत सिंह पर भूमि गबन, मेला शुल्क घोटाला और वक्फ संपत्तियों में मिलीभगत के आरोप लगाए गए हैं। पार्टी ने अजीत सिंह की परिसंपत्तियों की स्वतंत्र जांच की मांग की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल से नगर निगम मुरादाबाद में फैले भ्रष्टाचार की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की अपील की गई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला सड़क से विधानसभा तक उठाया जाएगा और जनांदोलन चलाया जाएगा।