लखनऊ में रियल एस्टेट कारोबारी पर गोलीबारी, CCTV में कैद हुआ हमला
लखनऊ में हुई गोलीबारी की घटना
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक रियल एस्टेट व्यवसायी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। यह घटना कल्ली पश्चिम क्षेत्र में दोपहर 12:30 बजे के आसपास हुई। प्रारंभिक जांच में व्यवसायी की पहचान जौनपुरी निवासी संदीप कुमार (40) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल संदीप को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार वर्तमान में पीजीआई के वृंदावन कालिंदी पार्क के पास किराए के मकान में रहते थे और रियल एस्टेट का व्यवसाय करते थे। उनका कल्ली पश्चिम में एक कार्यालय भी है। बताया जा रहा है कि, वह दोपहर में अपने कर्मचारी के साथ कार्यालय जा रहे थे। कार्यालय पहुंचने के बाद, वह कार से उतरकर फोन पर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान, सफेद गमछा लपेटे एक युवक वहां आया और उसने संदीप पर एक के बाद एक तीन गोलियां चलाईं। एक गोली उनके सीने, एक पेट और एक सिर पर लगी। गोली चलाने के बाद आरोपी अपने बाइक सवार साथी के साथ वहां से फरार हो गया। घटनास्थल पर संदीप खून से लथपथ होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर विपिन ने शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद मांगी। घायल संदीप को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर
यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसका वीडियो बेहद डरावना है। पुलिस अब इस वीडियो की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही, सर्विलांस की सहायता भी ली जा रही है।
