लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ की स्थिति गंभीर

बाढ़ का पानी सड़कों पर, गांवों में दहशत
लखीमपुर खीरी। पलिया तहसील क्षेत्र में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी अब सड़कों पर आ गया है। नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे कई सड़कें और गांव जलमग्न हो गए हैं। बनबसा बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नगला रोड पर बाढ़ का पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। आजादनगर और बर्बाद नगर में भी शारदा का पानी घुस गया है, जिससे वहां के निवासियों में भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बनबसा बैराज से लगभग दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है, जिससे नदी का बहाव तेज हो गया है। प्रशासन ने तटीय गांवों पर विशेष निगरानी रखने के लिए अलर्ट जारी किया है। राजस्व और राहत विभाग की टीमें बाढ़ संभावित क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देने के लिए कहा गया है।
अधिकारियों ने मोटर बोट से लिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा
मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए अधिकारी मोटर बोट पर सवार होकर पहुंचे। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने पलिया तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान पलिया के एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार ने भी मोटर बोट से बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। एडीएम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने लंच पैकेट भी वितरित किए। एडीएम ने भानपुर खजुरिया, आजाद नगर, बर्बाद नगर, श्रीनगर मेला घाट और अतरिया गांव में जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर पीड़ित परिवार तक पहुंचने के लिए प्रयासरत है और किसी भी परिवार को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राहत कार्यों की गति तेज की जाए और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति नियमित की जाए।