विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल जारी, भारत का मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान से
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल शेड्यूल जारी किया। यह टूर्नामेंट 12 जून से इंग्लैंड में शुरू होगा, और इसका फाइनल 5 जुलाई को प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में 12 टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक समूह से दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारत को ग्रुप-1 में छह बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। वहीं, ग्रुप-2 में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें शामिल हैं।
टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 14 जून को एजबेस्टन में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 17 जून को नीदरलैंड्स, 21 जून को साउथ अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच होंगे।
आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा कि विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल जारी होना इस वैश्विक खेल आयोजन की तैयारी में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह आयोजन आईसीसी के महिला क्रिकेट में निरंतर निवेश का हिस्सा है, जिसमें भागीदारी बढ़ाने, उच्च प्रदर्शन के मानकों, पुरस्कार राशि, मीडिया वितरण और व्यावसायिक साझेदारियों का विकास शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप ने इस खेल को काफी बढ़ावा दिया है। हमारा लक्ष्य इस इवेंट में भी इसी गति को बनाए रखना है।
अब तक विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के 9 संस्करण खेले जा चुके हैं, लेकिन भारत ने अभी तक कोई खिताब नहीं जीता है। टीम इंडिया ने चार बार सेमीफाइनल और एक बार फाइनल में जगह बनाई है, लेकिन ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर सकी। इस बार भारत का लक्ष्य जीत के साथ अपने सफर को समाप्त करना होगा।
