वृंदावन में मोटरबोट हादसे के बाद लापता युवक का शव मिला, मृतकों की संख्या 16 हुई
मथुरा में दुखद मोटरबोट हादसा
मथुरा: वृंदावन के केशी घाट पर हुए भयानक मोटरबोट हादसे के सातवें दिन एक और दुखद समाचार आया है। बचाव दल ने लापता युवक पंकज का शव यमुना नदी से बरामद किया है। गोताखोरों और जल पुलिस की टीम पिछले एक सप्ताह से पंकज की खोज में जुटी हुई थी। गुरुवार को बाबा देवराहा घाट और पानीगांव के बीच पंकज का शव नदी से निकाला गया। शव मिलने पर परिजनों का धैर्य टूट गया और वहां चीख-पुकार मच गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में अब मृतकों की संख्या 16 हो गई है।
132 श्रद्धालु पंजाब से आए थे, दर्शन के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को पंजाब से दो बसों में सवार होकर 132 श्रद्धालु वृंदावन घूमने आए थे। इन श्रद्धालुओं का एक समूह मोटरबोट पर सवार होकर केशी घाट से यमुना पार देवराहा बाबा की समाधि पर दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान यह भयानक हादसा हुआ, जिससे कई जिंदगियां यमुना की गहराई में समा गईं। यह घटना पूरे पंजाब और मथुरा को झकझोर कर रख दिया।
पैंटून पुल के पीपे से टकराने से पलटी मोटरबोट
घटना के दिन दोपहर करीब तीन बजे यमुना नदी की गाद निकालने के लिए पैंटून पुल को बीच से खोला गया था। उसे वापस जोड़ने के लिए जेसीबी मशीन से खींचा जा रहा था। तभी पुल का एक पीपा पानी के तेज बहाव में बह गया और श्रद्धालुओं से भरी मोटरबोट से जोरदार टकरा गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि मोटरबोट क्षतिग्रस्त होकर पलटने लगी। उस समय पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था और 10 शव तुरंत बरामद हुए थे। तब से लापता लोगों की खोज के लिए सघन रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
