वृंदावन में वृद्ध माताओं ने पीएम मोदी के लिए बनाई राखियां

रक्षाबंधन का पर्व वृंदावन में मनाया गया
मथुरा। भगवान श्री कृष्ण की क्रीड़ा भूमि वृंदावन के आश्रय सदन में रहने वाली वृद्ध विधवा माताओं ने अपने भाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपने हाथों से तैयार की गई भगवान श्री राम, श्री कृष्ण और मोदी के चित्र वाली 1001 राखियां भेजी हैं। वहीं, परिक्रमा मार्ग पर स्थित विधवा मैत्री घर में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
इस बार भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तस्वीरों के साथ पीएम मोदी की रंगीन फोटो वाली राखियां सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से मां शारदा महिला आश्रय सदन और राधाटीला आश्रम में रहने वाली वृद्ध माताओं द्वारा बनाई गई हैं। सुलभ संस्था इन आश्रमों में रहने वाली माताओं की देखभाल करती है। उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले, कुछ विधवा माताएं रक्षाबंधन के दिन पीएम के घर जाकर राखी बांधने जाती थीं। इस बार भी प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क किया गया है, और चार माताएं पीएम मोदी को राखी बांधने जाएंगी।
संस्थान के अध्यक्ष कुमार दिलीप पाठक ने बताया कि सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक, समाज सुधारक स्वर्गीय डॉक्टर बिंदेश्वर पाठक ने विधवा माताओं के लिए राखी बनाने का कार्यक्रम शुरू किया था। इस वर्ष राखी बनाने का कार्य महिला आश्रमों में किया गया। माताओं ने दो टोकरी में अपने द्वारा बनाई गई राखियों को सजाकर प्रधानमंत्री के लिए दिल्ली भेजा है। साथ ही, माताओं ने उन्हें भी राखी बांधी है।
वहीं, परिक्रमा मार्ग स्थित विधवा मैत्री घर आश्रम में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संस्थापक लेफ्टिनेंट जनरल भूपेन्द्र सिंह ने माताओं के साथ मिलकर राखी बनवाकर भाई का प्यार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके और उनकी पत्नी बिन्नी सिंह के द्वारा समाज के हित में कई वर्षों से अनेक गतिविधियाँ की जा रही हैं। आज इन माताओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर उन्हें अत्यंत खुशी का अनुभव हो रहा है। बिन्नी सिंह ने कहा कि इस त्योहार पर माताओं के साथ जो खुशी का अनुभव किया है, उसके लिए शब्द नहीं हैं। मैत्री घर में लगभग 100 माताएं निवास कर रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ 108 वर्षीय वृद्ध माता रेनू दासी द्वारा सेवानिवृत लेफ्टिनेंट भूपेंद्र सिंह को राखी बांधकर किया गया। इस अवसर पर बीना महतो, संध्या मंडल, कात्यानी पाल, सुशील पांडे, महेश बाबा, रेखा, डॉक्टर सत्येंद्र वर्मा आदि उपस्थित रहे।