वैष्णो देवी यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर में पक्षी टकराने से बड़ा हादसा टला
कटरा में हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग
कटरा- माता वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान एक गंभीर हादसा टल गया। श्रद्धालुओं को लेकर सांझीछत से कटड़ा आ रहा एक हेलीकॉप्टर अचानक एक पक्षी से टकरा गया, जिससे उसका अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, पायलट की तत्परता के कारण हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया गया और सभी श्रद्धालु सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, ग्लोबल विट्रा कंपनी का हेलीकॉप्टर (फ्लाइट नंबर-33) श्रद्धालुओं को लेकर कटड़ा के लिए उड़ान भर रहा था। जैसे ही हेलीकॉप्टर कटड़ा के करीब पहुंचा, एक पक्षी उससे टकरा गया, जिससे हेलीकॉप्टर का आगे का शीशा टूट गया।
पायलट ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से कटड़ा हेलीपैड पर उतार दिया। हेलीकॉप्टर में हरियाणा के छह श्रद्धालु और पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई। सुरक्षित लैंडिंग के बाद श्रद्धालुओं ने पायलट की समझदारी की सराहना की और माता वैष्णो देवी का आभार व्यक्त किया। वहीं, तकनीकी जांच के लिए हेलीकॉप्टर को फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अन्य हेलीकॉप्टर उड़ानें सामान्य रूप से जारी हैं।
