श्री अमरनाथ यात्रा ऐप: यात्रा की जानकारी अब आपके हाथों में

श्री अमरनाथ यात्रा ऐप:
अमरनाथ यात्रा इस जुलाई से शुरू होने वाली है, जिसके लिए श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जानने के लिए श्रद्धालु श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। इसके अलावा, जो लोग वेबसाइट पर नहीं जाना चाहते, वे अपने मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इस ऐप के माध्यम से यात्रा से संबंधित सभी अपडेट्स प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही, यात्रा के दौरान रुकने की जगह, यात्रा का मार्ग और अपनी गाड़ी को पार्क करने की जगह जैसी जानकारी भी इस ऐप पर उपलब्ध होगी।
फोन में डाउनलोड करें ऐप
श्री अमरनाथ जी यात्रा ऐप को प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप डाउनलोड करने के बाद, पहले पृष्ठ पर 'चलो अमरनाथ' लिखा दिखाई देगा। इसके साथ ही यात्रा की शुरू और समाप्ति की तारीखें भी दी गई होंगी। 'ओके' पर क्लिक करने के बाद यात्रा परमिट नंबर मांगा जाएगा। यदि आपके पास है, तो उसे भरें, अन्यथा इसे छोड़कर New Registration कर सकते हैं।
ऐप में क्या-क्या फीचर मिलेंगे?
इस ऐप में यात्रा से संबंधित रूट और सभी मानचित्र उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से आप पूरा मार्ग देख सकते हैं। दूसरा विकल्प ऑनलाइन सेवाओं की बुकिंग का है, जिसमें आप अपनी आवश्यकताओं के अनुसार बुकिंग कर सकते हैं। तीसरा विकल्प 'प्लान योर यात्रा' है, जिसमें रजिस्ट्रेशन की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, अमरनाथ यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी भी पल-पल मिलती रहेगी।
हेल्प डेस्क और हेल्थ एडवाइजरी
ऐप में हेल्प डेस्क का विकल्प भी मौजूद है, जिसमें फोन नंबर और कई ईमेल आईडी दी गई हैं। किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए इन पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, हेल्थ एडवाइजरी भी पढ़ी जा सकती है, जिसमें यात्रा से जुड़ी जानकारी और उपयोगी टिप्स शामिल हैं।