समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, डिंपल यादव पर अभद्र टिप्पणी का विरोध

डिंपल यादव पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन
मैनपुरी की सांसद और समाजवादी पार्टी की प्रमुख नेता डिंपल यादव के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। महिला जिलाध्यक्ष सत्यभामा सिंह के नेतृत्व में सपाइयों ने एएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की।
महिला जिलाध्यक्ष ने कहा कि डिंपल यादव हमेशा से महिला सशक्तिकरण, गरिमा और सम्मान की पक्षधर रही हैं। ऐसे में उनके खिलाफ सार्वजनिक रूप से की गई टिप्पणी न केवल एक महिला सांसद का अपमान है, बल्कि यह पूरे देश की महिलाओं के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।
जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि मौलाना का बयान न केवल दुर्भावनापूर्ण है, बल्कि यह भारतीय संविधान और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज में नफरत और असंतुलन फैलाते हैं, जिन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सपाइयों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।
इस दौरान यज्ञदत्त पासवान, महिला जिला महासचिव इंदु गौतम, सावित्री देवी, मोनी देवी, इसरावती देवी, पनियरा विधान सभा अध्यक्ष पूनम यादव, विधानसभा अध्यक्ष नौतनवा सुमन यादव, लालती देवी, रुना देवी, अमीरून निशा, समसुद्दीन अली, रामललित मौर्या सहित कई समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।