सिक्किम में लैंडस्लाइड से चार की मौत, तीन लापता

सिक्किम में लैंडस्लाइड की घटना
गंगटोक: सिक्किम में लगातार बारिश के कारण हुए लैंडस्लाइड में चार लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा, तीन लोग अभी भी लापता हैं। लापता व्यक्तियों की खोज के लिए बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने बारिश के चलते जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वालों से सतर्क रहने की अपील की है।
यह घटना पश्चिम सिक्किम के यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के अपर रिमबी में गुरुवार रात को हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय नागरिकों और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने उफनती हुम नदी पर पेड़ों के तनों से एक अस्थायी पुल बनाकर दो घायल महिलाओं को सुरक्षित निकाला। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरी महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
गेयजिंग के पुलिस अधीक्षक त्सेरिंग शेरपा ने बताया कि लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान भीम प्रसाद लिंबू (53), उनकी बहन अनिता लिंबू (46), दामाद बिमल राय (50) और पोती अंजल राय (7) के रूप में हुई है।
यांगथांग के स्थानीय विधायक और श्रम मंत्री भीम हांग लिंबू रात करीब 2 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों का नेतृत्व किया। उन्होंने भारी बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण आई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समन्वित प्रयासों से पीड़ितों को निकालना संभव हुआ। इससे पहले, सोमवार आधी रात को सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में भी लैंडस्लाइड हुआ था, जिसमें थांगशिंग गांव के 45 वर्षीय बिष्णु की मौत हो गई थी।