सीएम रेखा गुप्ता ने हनुमान जन्मोत्सव पर की पूजा, दिल्लीवासियों के कल्याण की कामना
हनुमान जन्मोत्सव पर पूजा-अर्चना
नई दिल्ली - दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को करोल बाग में स्थित 108 फुट ऊंचे श्री संकट मोचन धाम में श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूजा-अर्चना की। इस धार्मिक अवसर पर उन्होंने दिल्लीवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूजा के दौरान, मुख्यमंत्री ने भक्ति भाव से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर श्री हनुमान का स्मरण करते हुए देश और दिल्ली की उन्नति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रभु हनुमान का जीवन सेवा, समर्पण, साहस और निष्ठा का प्रतीक है, जो हमें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करता है। ऐसे पावन अवसर समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान हनुमान की कृपा से दिल्ली में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने सभी नागरिकों से समाज में सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी के साथ संवाद करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और एकजुटता को बढ़ावा मिलता है।
