हरिद्वार में भगदड़ हादसे के बाद मुआवजे और जांच के आदेश

हरिद्वार में दर्दनाक भगदड़
हरिद्वार: मनसा देवी मंदिर में हुई एक भयानक भगदड़ में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में जारी है। इस घटना के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच का आदेश दिया है। इसके साथ ही, सरकार ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरिद्वार के जिला मजिस्ट्रेट को घटना की त्वरित मजिस्ट्रियल जांच करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सीएम धामी ने कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें मनसा देवी मंदिर में अफवाह के कारण भगदड़ मची और 8 लोगों की जान चली गई। जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।" इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
उत्तराखंड CMO ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी आज दोपहर लगभग 2 बजे हरिद्वार जिला अस्पताल का दौरा करेंगे। वे भगदड़ में घायल लोगों से मिलेंगे और उन्हें दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करेंगे।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि घटना में प्रभावित लोगों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबरों की सूची:
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार:
01334-223999
9068197350
9528250926
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून:
0135-2710334, 2710335
8218867005
9058441404