हरियाणा में जेल प्रशासन की नई पहल: कैदी चलाएंगे पेट्रोल पंप

कैदियों के सुधार के लिए नई पहल
करनाल - हरियाणा के करनाल जिले में जेल प्रशासन ने कैदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए एक नई पहल शुरू की है। जेल विभाग ने एक पेट्रोल पंप खोला है, जिसे कैदी और बंदी संचालित करेंगे। इस पंप का उद्घाटन रविवार को हरियाणा के जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील ने किया। उन्होंने बताया कि यह पहल कैदियों के जीवन में सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
जेल डीजी ने कहा, "कैदियों को काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनमें सुधार होगा। काम में व्यस्त रहने से जेल में अनुशासन बना रहता है और आपसी झगड़े भी कम होते हैं। इसके अलावा, उन्हें इस कार्य के लिए मेहनताना भी मिलेगा।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ भविष्य में सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस परियोजना में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है।
डीजीपी मोहम्मद अकील ने कहा कि कुरुक्षेत्र में यह पंप सफलतापूर्वक चल रहा है। अंबाला, यमुनानगर और हिसार में भी इसी तरह के पंप स्थापित किए जा चुके हैं। भविष्य में फरीदाबाद, नूंह और सिरसा में भी इस मॉडल को लागू किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन पेट्रोल पंपों पर तेल की गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे। ग्राहक निश्चिंत होकर पेट्रोल भरवा सकते हैं, उनकी गाड़ी अच्छे से चलेगी। जेल महानिदेशक के अनुसार, यह पंप 24 घंटे चालू रहेगा, और रात के समय अतिरिक्त स्टाफ तैनात रहेगा। इस पेट्रोल पंप से होने वाला मुनाफा सीधे सरकार के खाते में जाएगा। डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की तरफ से किसी भी प्रकार के फंड की कमी नहीं है, चाहे वह नए जिलों में ऐसी सुविधाएं शुरू करने की बात हो या फिर कैदियों की जरूरतों की पूर्ति। उन्होंने कहा कि कैदियों के जीवन सुधार के लिए जेल में और भी कई तरह के कार्य चल रहे हैं।