Newzfatafatlogo

हरियाणा में ठंड का कहर: 7 शहर शिमला से भी ठंडे

हरियाणा में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जहां कई शहरों का तापमान शिमला से भी कम हो गया है। मौसम विभाग ने 18 नवंबर तक गिरते तापमान की चेतावनी दी है, जबकि 19 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्के बादल छाने की संभावना है। किसानों को फसलों की जल्द बुजाई करने की सलाह दी गई है। जानें इस मौसम के प्रभाव और अधिक जानकारी के लिए पूरा लेख पढ़ें।
 | 
हरियाणा में ठंड का कहर: 7 शहर शिमला से भी ठंडे

पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी सर्दी


हरियाणा मौसम अपडेट, चंडीगढ़: हरियाणा में सुबह और रात के समय तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। हिसार, भिवानी, करनाल और अंबाला जैसे शहरों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। गिरते तापमान के कारण सुबह और देर रात के समय ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे हरियाणा में सर्दी का असर बढ़ गया है।


हरियाणा के तापमान की स्थिति

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा के सात शहरों में तापमान शिमला से भी कम दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस है, जबकि हरियाणा के कई शहरों में इससे भी कम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। उदाहरण के लिए, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, और नारनौल में यह 7.5 डिग्री सेल्सियस है।


पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में गिरावट का यह सिलसिला 18 नवंबर तक जारी रहेगा। इसके बाद 19 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में हल्के बादल छा सकते हैं, जिससे दिन का तापमान और गिर सकता है, जबकि रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी संभव है।


बर्फबारी का असर

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इसका प्रभाव हरियाणा के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। ठंडी हवाओं के साथ-साथ सुबह के समय घनी धुंध पड़ने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है और सर्दी का असर और बढ़ेगा।


किसानों के लिए सलाह

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। 19 नवंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में आएगा, जिससे बादलवाई देखने को मिल सकती है। खीचड़ ने किसानों को सलाह दी है कि वे गेहूं की बिजाई जल्द से जल्द खत्म करें और सरसों में रोगों की रोकथाम के लिए कृषि वैज्ञानिकों से सलाह लें।