हरियाणा में दिव्यांगजनों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा
हरियाणा सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 40 से 99 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। इस निर्णय से लगभग 1.22 लाख दिव्यांगजन लाभान्वित होंगे। राज्य परिवहन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पहले यह सुविधा केवल 100 प्रतिशत दिव्यांगजनों को एक सहायक के साथ दी जाती थी, जिसे 2010 में चंडीगढ़ और दिल्ली तक बढ़ाया गया था। लंबे समय से 100 प्रतिशत से कम दिव्यांगता वाले व्यक्तियों द्वारा इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
हरियाणा रोडवेज वर्तमान में 24 डिपो और 13 उप-डिपो के माध्यम से 4100 से अधिक बसों का संचालन करता है। ये बसें प्रतिदिन लगभग 11.38 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर लगभग छह लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करती हैं। सरकार का कहना है कि यह निर्णय सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने और दिव्यांगजनों को सुलभ एवं किफायती परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
