हरियाणा में बारिश का अलर्ट: 8 जिलों में हो सकती है वर्षा

मौसम में बदलाव की संभावना
3 अक्टूबर तक मौसम में रहेगा उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, चरखीदादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और महेंद्रगढ़ शामिल हैं। यहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार, अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हरियाणा में मौसम में बदलाव हो रहा है। 3 अक्टूबर तक बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले दिनों में बारिश की संभावना
3 अक्टूबर को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 2 अक्टूबर को भी हरियाणा के 6 से 8 जिलों में वर्षा होने की उम्मीद है। बारिश के बाद हल्की ठंड भी महसूस की जा सकती है।
रात का तापमान बढ़ा
आईएमडी के अनुसार, हरियाणा में रात का तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि बादल छाने से रात के तापमान में वृद्धि हुई है। हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। मंगलवार को हरियाणा में अचानक मौसम में बदलाव आया और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मंगलवार को हुई बारिश
मंगलवार को रोहतक, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और झज्जर के बहादुरगढ़ में तेज बारिश हुई, जबकि चरखी दादरी और भिवानी में बूंदाबांदी हुई। बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 में तेज बारिश के कारण एक पेड़ गिर गया, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया। शाम को सिरसा के डबवाली में बवंडर आया, जिससे दारेवाला गांव में 2 टिन की छतें और एक तुड़े का छप्पर उड़ गया। एक दीवार भी गिर गई और कई पेड़ जड़ से उखड़ गए। इस सीजन में हरियाणा में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।