हरियाणा में मौसम में बदलाव: 4 जिलों में हल्की बारिश की संभावना

उत्तर-पश्चिमी हवाओं से ठंड का अहसास
हरियाणा मौसम अपडेट: (चंडीगढ़) हरियाणा में मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से चल रही गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। आज प्रदेश के चार जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जिनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल शामिल हैं। इसके साथ ही, उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से ठंड का अहसास होगा।
करनाल में तापमान सबसे अधिक
रविवार को करनाल में तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज के आसपास का तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के तापमान की बात करें तो फरीदाबाद में 27.8 डिग्री और नारनौल (महेंद्रगढ़) में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।
3 अक्टूबर तक मौसम में परिवर्तन
चौधरी चरण सिंह हरियाणा विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अरब सागर में दबाव का क्षेत्र बनने से हवाओं में बदलाव की संभावना है। इसके चलते हरियाणा में मौसम 3 अक्टूबर तक परिवर्तनशील रहेगा और बीच-बीच में आंशिक बादल भी रह सकते हैं।
तापमान में गिरावट की संभावना
इस दौरान, अरब सागर से नमी वाली हवाएं आने से दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। 1 से 3 अक्टूबर के बीच राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सामान्यतः खुश्क रहने की संभावना है। हवाओं में बदलाव और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
मानसून में सामान्य से अधिक बारिश
एक जून से 22 सितंबर तक हरियाणा में मानसून सक्रिय रहा और इस दौरान 568 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 409.07 एमएम होती है। इस पूरे सीजन में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। यमुनानगर में सबसे अधिक 1116.5 एमएम बारिश हुई, जबकि सिरसा में सबसे कम 346.6 एमएम बारिश हुई।