हरियाणा में होली के लिए महिलाओं ने बनाया ऑर्गेनिक गुलाल
हरियाणा में ऑर्गेनिक गुलाल का शुभारंभ
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने होली के त्योहार को मनाने के लिए केमिकल रहित रंगों का उपयोग करने के उद्देश्य से ऑर्गेनिक गुलाल तैयार किया है। इस गुलाल का शुभारंभ डीसी अभिषेक मीणा ने गुरुवार को लघु सचिवालय में किया।
डीसी अभिषेक मीणा ने महिलाओं के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल होली का पर्व सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा, बल्कि यह महिलाओं के लिए आय का एक सशक्त साधन भी बनेगा।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे केवल केमिकल रहित रंगों का उपयोग करें ताकि किसी को भी त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं होते हैं।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के DPM आफताब अहमद ने जानकारी दी कि CEO जिला परिषद एवं एडीसी राहुल मोदी के मार्गदर्शन में बनाए गए इस ऑर्गेनिक गुलाल में किसी भी प्रकार के रासायनिक तत्वों का उपयोग नहीं किया गया है। यह गुलाल BDPO कार्यालय रेवाड़ी, BDPO कार्यालय बावल और राजीव चौक पर स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कैंटीन में उपलब्ध है।
