हरियाणा रेवेन्यू डिपार्टमेंट ने लॉन्च की नई वेबसाइट, 26 सेवाएं एक ही प्लेटफार्म पर

फसल खराबे के लिए मुआवजे की घोषणा
Chandigarh News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हाल ही में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की नई वेबसाइट का उद्घाटन किया। इस नई वेबसाइट के माध्यम से अब किसानों और आम नागरिकों को विभाग की 26 सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने रबी 2025 के फसल खराबे के लिए 22617 किसानों को 52.14 करोड़ रुपये का मुआवजा भी जारी किया। उन्होंने कहा कि यह कदम डिजिटल हरियाणा और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राजस्व विभाग न केवल प्रशासन का आधार है, बल्कि यह आम जनता के साथ भी गहराई से जुड़ा हुआ है।
सुविधाजनक सेवाएं एक ही प्लेटफार्म पर
मुख्यमंत्री ने बताया कि रेवेन्यू डिपार्टमेंट ने अब अपना स्वतंत्र आईटी डिवीजन स्थापित किया है। इस नई वेबसाइट के जरिए सभी सेवाएं एक ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध होंगी, जिससे हरियाणा के निवासियों को विभिन्न पोर्टल पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
सीएम सैनी ने यह भी कहा कि जाति प्रमाण पत्र और मुआवजे से संबंधित सभी जानकारी इस पोर्टल पर उपलब्ध होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में यह पोर्टल और भी नई सेवाओं को जोड़ते हुए एक आदर्श डिजिटल प्लेटफॉर्म बनेगा।