हरियाणा सरकार ने वर्षा खांगवाल को झज्जर का उपायुक्त नियुक्त किया
वर्षा खांगवाल का विदाई समारोह
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक श्रीमती वर्षा खांगवाल को झज्जर के उपायुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर उनके सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस समारोह में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रीमती खांगवाल के कार्यकाल को याद करते हुए उनके प्रशासनिक कौशल, समर्पण और सरलता की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विभाग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और हमेशा जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य किया।
श्रीमती खांगवाल ने लंबे समय तक सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उन्हें ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती अधिकारियों में गिना जाता है। उनकी दक्षता और अनुशासित कार्यशैली ने उन्हें विभाग में एक विशेष पहचान दिलाई।
इससे पहले, वे पंचकूला में एडीसी सहित विभिन्न जिलों में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर कार्य कर चुकी हैं। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विभाग के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि झज्जर के उपायुक्त के रूप में भी श्रीमती खांगवाल अपनी कार्यकुशलता और सकारात्मक नेतृत्व से प्रशासन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।
