हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही, लैंडस्लाइड में 5 की मौत

हिमाचल प्रदेश में मौसम की मार
हिमाचल प्रदेश: पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं ने प्रदेश में व्यापक नुकसान पहुंचाया है। हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। हाल ही में, 36 घंटे से जारी मूसलधार बारिश के कारण लैंडस्लाइड की घटनाएं हुईं, जिससे 5 लोगों की जान चली गई।
क्या फिर होगी तबाही?
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में लगातार दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों के लिए ऑरेंज और आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस स्थिति को देखते हुए, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ऊना, हमीरपुर, सोलन और बिलासपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लैंडस्लाइड से स्थिति गंभीर
हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड के कारण 3 राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 398 सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा, 3 उपमंडलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है और 682 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण श्रीखंड और किन्नर कैलाश यात्रा भी रोक दी गई है। शिमला के रामपुर में लुहरी-सुन्नी मार्ग पर एक पिकअप वाहन पर अचानक चट्टानें गिरने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। यह हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।