होली के अवसर पर अस्पतालों और सेवाओं की तैयारी
लखनऊ में अस्पतालों की तैयारी
लखनऊ। होली के त्योहार के मद्देनजर, अस्पतालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए 190 बेड आरक्षित किए गए हैं। इमरजेंसी में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और डॉक्टरों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है। बलरामपुर अस्पताल में 50 बेड आरक्षित हैं। सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि दवाओं का पर्याप्त इंतजाम किया गया है। इमरजेंसी में मरीजों की पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। लोकबंधु अस्पताल में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि डॉक्टरों की इमरजेंसी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई गई है, जिसमें त्वचा, हड्डी, जनरल सर्जरी और मेडिसिन के डॉक्टर शामिल हैं।
एंबुलेंस सेवाएं और हेल्पलाइन
बीकेटी स्थित राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में 30 बेड आरक्षित हैं। सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि मेडिसिन, जनरल सर्जरी, नेत्र और हड्डी रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई गई है। ठाकुरगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय में 10, सिविल अस्पताल में 30, केजीएमयू में 30 और लोहिया संस्थान में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं।
इमरजेंसी होने पर मदद के लिए डायल करें 108 या 102
होली के दौरान 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगी। एंबुलेंस का संचालन करने वाली ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रेसिडेंट टीवीएसके रेड्डी ने बताया कि होली के दिन 108 एंबुलेंस चिह्नित स्थानों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और थानों के पास मौजूद रहेंगी। गर्भवती महिलाओं और दो साल तक के बच्चों को भी सेवाएं दी जाएंगी। प्रदेश में 108 सेवा की 2,200 और 102 सेवा की 2,270 एंबुलेंस 24 घंटे संचालित हैं।
सरकारी अस्पतालों की ओपीडी और जलापूर्ति
मदद के लिए इन नंबरों पर करें फोन
अस्पताल हेल्पलाइन
लोकबंधु। 0522-2421146
सिविल। 0522-4027511
बलरामपुर 9118455570
ठाकुरगंज संयुक्त अस्पताल 9415001754
केजीएमयू (ट्रॉमा सेंटर)। 9453004209
लोहिया संस्थान 0522-6692000
सरकारी अस्पतालों में आज हाफ डे ओपीडी, कल बंद रहेंगे
राजधानी के सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को ओपीडी दोपहर 12 बजे (हाफ डे) तक रहेगी, जबकि बुधवार को पूरी तरह से बंद रहेगी। केवल इमरजेंसी में मरीजों को इलाज मिलेगा। वहीं, केजीएमयू में सामान्य दिनों की तरह ओपीडी चलेगी। लोहिया और पीजीआई में नए पंजीकरण नहीं होंगे। पहले से जिन मरीजों के ऑपरेशन और जांच की तारीख मिली है, उन्हें इलाज मुहैया कराया जाएगा।
जलापूर्ति और बिजली सेवाएं
होली पर दोपहर में भी होगी जलापूर्ति
होली पर जलकल विभाग दोपहर में भी पानी की आपूर्ति करेगा। अभी केवल सुबह और शाम ही पानी की आपूर्ति की जाती है। पेयजल आपूर्ति से जुड़े कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त किए गए हैं। कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किए गए हैं। नगर निगम की टीमें सफाई और मार्ग प्रकाश से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए तैनात की गई हैं।
जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि 4 मार्च को होली के दिन तीन वक्त सुबह पांच से नौ बजे, दोपहर 12 से तीन बजे और शाम पांच से रात नौ बजे तक पानी की आपूर्ति की जाएगी। जहां आवश्यक होगा, वहां टैंकर भी लगाए जाएंगे।
होली पर लगातार मिलेगी बिजली, नहीं होगी कटौती
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने होली के मौके पर उपभोक्ताओं को लगातार बिजली उपलब्ध कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जानकीपुरम क्षेत्रीय कार्यालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
मेट्रो सेवाएं
होली के दिन दोपहर ढाई बजे से मिलेंगी मेट्रो सेवाएं
होली पर मेट्रो सेवाएं दोपहर ढाई बजे से संचालित होंगी। मेट्रो के जनसंपर्क विभाग ने बताया है कि चार मार्च को होली मनाई जाएगी। ऐसे में मेट्रो सेवाएं दोपहर 2:30 से रात 10:30 बजे तक ही संचालित होंगी। आम दिनों में सुबह साढ़े छह बजे से मेट्रो संचालित होती है। होली के बाद अगले दिन से सामान्य रुटीन के अनुसार मेट्रो चलाई जाएंगी।
