AAP का चुनावी अभियान: असम-केरल में मुकाबला, बंगाल में ममता का समर्थन
चुनावों में भाजपा को मिलेगी कड़ी चुनौती
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को एक बड़ा झटका लगने वाला है। उन्होंने बताया कि देश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से काफी नाराज़ है और चुनाव में इसका जवाब देगी।
अनुराग ने स्पष्ट किया कि असम और केरल में आम आदमी पार्टी खुद चुनाव लड़ेगी, जबकि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को समर्थन देकर भाजपा को हराने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में एलपीजी गैस का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। कई राज्यों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अनुराग ने कहा कि स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोगों को गैस सिलेंडर पाने के लिए अपने काम-धंधे को छोड़कर लाइनों में लगना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग खुद सिलेंडर उठाकर घर ले जाने को मजबूर हैं। यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह असफल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश को सुविधाएं देने के बजाय लोगों को लाइनों में खड़ा करने की राजनीति की है। नोटबंदी के समय से लेकर राशन और अब गैस सिलेंडर के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। भाजपा के शासन में आम आदमी की जिंदगी कठिन होती जा रही है।
महंगाई, बेरोजगारी और एलपीजी संकट जैसे मुद्दे लोगों को परेशान कर रहे हैं। आम नागरिक इस सरकार की नीतियों से तंग आ चुका है। भाजपा केवल बड़े दावे और प्रचार में लगी हुई है, जबकि वास्तविकता में लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी समय पर नहीं मिल रही हैं।
अनुराग ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की जनता के साथ खड़ी है और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से लड़ाई जारी रखेगी।
