CBSE परीक्षा परिणाम में गड़बड़ियों पर धर्मेंद्र प्रधान का जवाब
CBSE परीक्षा परिणाम में गड़बड़ियों पर प्रतिक्रिया
CBSE परीक्षा परिणाम में गड़बड़ियाँ: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को सीबीएसई 12वीं की परीक्षाओं के मूल्यांकन में हुई गड़बड़ियों को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि इस “भयंकर हेरफेर” के कारण लाखों छात्र और उनके अभिभावक मानसिक तनाव में हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं है और छात्रों का मानसिक तनाव न बढ़ाने की अपील की है।
धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में सीबीएसई परीक्षाओं में कथित विसंगतियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “कल सीबीएसई ने इस मामले में अपना स्पष्टीकरण दिया था। यह भारत सरकार की खरीद नीति के अनुरूप है। मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कहा, “ऐसा लगता है कि वे एक अलग मानसिक स्थिति में हैं। चुनावी हार के कारण वे हताश नजर आते हैं। उन्होंने SIR का विरोध किया, EVM का विरोध किया और डिजिटल इंडिया का भी विरोध किया। ऐसा नहीं लगता कि वे भारत की वैज्ञानिक प्रगति के साथ खड़े हैं।”
CBSE परीक्षा परिणाम में भयंकर हेर-फेर हो गई जिससे देश के लाखों बच्चे और उनके माता-पिता सदमे में हैं।
और मोदी जी? हमेशा की तरह – न जवाब, न ज़िम्मेदारी, न शर्म।
जिस कंपनी COEMPT को यह ज़िम्मेदारी मिली, वह पहले Globarena के नाम से तेलंगाना में 2019 में यही कारनामे कर चुकी है।
नाम… pic.twitter.com/iZG8bvUXPJ
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 27, 2026
धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा, “जहां तक इस मुद्दे की बात है, मैं सरकार की ओर से किसी भी असुविधा के लिए जिम्मेदारी लेता हूं। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। मैंने यह बात पहले भी कही है। अभी सबसे महत्वपूर्ण यह है कि छात्रों का मानसिक तनाव और न बढ़े। हम सभी से अपील करते हैं कि किसी के भी शब्दों या व्यवहार से उनका तनाव और न बढ़े।”
