Newzfatafatlogo

Gen Z कर्मचारी ने बॉस को सिखाया सबक, नियमों का किया पालन

एक Gen Z कर्मचारी ने अपने बॉस को नियमों का पालन कराकर एक अनोखा सबक सिखाया। जब उसने ऑफिस के बाद एक जरूरी क्लाइंट का मैसेज अनदेखा किया, तो मैनेजर ने उसे तलब किया। रोहित का तार्किक जवाब सुनकर सभी हैरान रह गए। यह घटना कॉर्पोरेट जगत में नियमों के प्रति दोहरे रवैये को उजागर करती है। जानें पूरी कहानी में क्या हुआ और कैसे सोशल मीडिया पर इसे सराहा गया।
 | 
Gen Z कर्मचारी ने बॉस को सिखाया सबक, नियमों का किया पालन

मुंबई में Gen Z का अनोखा किस्सा

मुंबई: वर्तमान समय में 'जेन-जी' (Gen Z) युवा केवल ऑफिस में काम करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि वे अपने बॉस को उनके द्वारा बनाए गए नियमों का पालन कराकर भी सिखाते हैं। अक्सर कंपनियों में यह अपेक्षा की जाती है कि कर्मचारी ऑफिस के बाद भी काम के लिए उपलब्ध रहें। लेकिन एक युवा ने कंपनी के नियमों का ऐसा पालन किया कि पूरे प्रबंधन का ढांचा सवालों के घेरे में आ गया। यह दिलचस्प किस्सा मुंबई के चार्टर्ड अकाउंटेंट पारस गंगवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।


पहले दिन ही मिला 'नो वर्क फ्रॉम होम' का आदेश


एक्स पर साझा की गई पोस्ट के अनुसार, रोहित नामक एक जेन-जी कर्मचारी ने हाल ही में एक नई कंपनी में जॉइन किया। पहले दिन ही प्रबंधन ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी परिस्थिति में 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम) की अनुमति नहीं होगी। रोहित ने इस आदेश पर न तो कोई बहस की और न ही विरोध किया। वह हर दिन समय पर ऑफिस आता, ईमानदारी से अपना काम करता और शिफ्ट खत्म होते ही बिना किसी सवाल के सिस्टम लॉग ऑफ करके घर चला जाता। सब कुछ नियमों के अनुसार चल रहा था, लेकिन एक रात कुछ ऐसा हुआ जिसने ऑफिस के नियमों की पोल खोल दी।


रात 8 बजे आया मैसेज, मैनेजर ने अगले दिन लगाई क्लास


ऑफिस के नियमों में असली समस्या तब आई जब एक शाम करीब 8 बजे रोहित को एक महत्वपूर्ण क्लाइंट का मैसेज मिला। चूंकि शिफ्ट खत्म हो चुकी थी, इसलिए रोहित ने उस मैसेज का जवाब नहीं देने का निर्णय लिया। अगले दिन जब वह ऑफिस पहुंचा, तो मैनेजर ने उसे तलब किया और उस मैसेज को अनदेखा करने पर तीखे सवाल किए। मैनेजर को उम्मीद थी कि रोहित कोई बहाना बनाएगा, लेकिन इस युवा कर्मचारी का जवाब इतना तार्किक था कि मैनेजर के पसीने छूट गए।


'सर, घर से रिप्लाई करता तो WFH हो जाता'


मैनेजर के सवालों का रोहित ने शांत और स्पष्ट तरीके से जवाब दिया। उसने कहा, "सर, मुझे लगा कि ऑफिस के घंटों के बाद घर से क्लाइंट को जवाब देना 'वर्क फ्रॉम होम' (WFH) की श्रेणी में आएगा, जिसे प्रबंधन ने पूरी तरह से बैन कर रखा है।" रोहित का यह अप्रत्याशित उत्तर सुनकर मैनेजर के पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा। उसने कोई बगावत नहीं की थी, बल्कि उसने प्रबंधन के नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन किया। इस घटना ने कॉर्पोरेट जगत में उस दोहरे रवैये को उजागर किया है, जहां ऑफिस टाइमिंग के लिए सख्त नियम होते हैं, लेकिन शिफ्ट के बाद भी कर्मचारियों से 24 घंटे उपलब्ध रहने की उम्मीद की जाती है। जेन-जी के इस शांत तरीके से विरोध जताने के अंदाज की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।