अखिलेश यादव ने दादरी में जनसभा में बीजेपी पर साधा निशाना
दादरी में सपा अध्यक्ष का भाषण
दादरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी शुरू हो चुकी है। पीएम मोदी के बाद, रविवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोएडा के दादरी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम मोदी की रैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, 'कल की रैली की सच्चाई हमारे कई लोगों ने उजागर कर दी है, कोई भी कैमरे से बच नहीं सकता। जो पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी मानती है, उसे अपने सरकारी कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'विश्वविद्यालय और कॉलेजों के छात्रों को बुलाया गया था और कहा गया था कि रैली के बाद उन्हें छुट्टी दी जाएगी। अब उन छात्रों को लंबी छुट्टी दी गई है। इस रैली से यह स्पष्ट हो गया है कि बीजेपी की उत्तर प्रदेश और दिल्ली में छुट्टी होने वाली है। हम तो पिछले 10 साल से सत्ता में नहीं हैं, कम से कम अपने छोटे एटीएम का तो हिसाब कर लें। इस एटीएम ने पूरी दुनिया को परेशान किया होगा।'
अखिलेश यादव ने कहा, 'हमने वह लड़ाई लड़ी थी जब कुछ लोग हमारे इतिहास और सम्राटों को छीनना चाहते थे। 2027 में सरकार बनाइए, लखनऊ में रिवर फ्रंट पर PDA महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। यह केवल रैली नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए एक आवाहन है।'
सपा अध्यक्ष ने पीएम के अंधविश्वास वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, 'नोएडा के विकास में समाजवादियों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। जिस मेट्रो का उद्घाटन उन्होंने किया, वह समाजवादी सरकार ने बनाई थी।'
अखिलेश यादव ने कहा, 'PDA के लोग जानते हैं कि उनके साथ भेदभाव और तिरस्कार होता है। हमें बदलाव लाना होगा, चाहे इसके लिए कितना भी समय लगे। जो अन्याय और अपमान नहीं सहते, वे कभी हमारा दर्द नहीं समझ सकते। वे नहीं समझ सकते कि जब हमारे घर को गंगाजल से धोया गया, तब हमें कैसा महसूस हुआ।'
