Newzfatafatlogo

अनुराग ढांडा ने लाडो लक्ष्मी योजना पर उठाए सवाल, भाजपा पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप

आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर लाडो लक्ष्मी योजना में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 1.4 करोड़ महिलाओं में से केवल 5 लाख को पहली किस्त मिली है, जबकि 96% महिलाएं योजना से बाहर हैं। ढांडा ने भाजपा पर वादे तोड़ने और महिलाओं के साथ मजाक करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब महिलाओं के हर वोट का हिसाब देना होगा।
 | 
अनुराग ढांडा ने लाडो लक्ष्मी योजना पर उठाए सवाल, भाजपा पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप

हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला

-1.4 करोड़ महिलाओं में से केवल 5 लाख को मिली पहली किस्त, 96% महिलाओं के साथ धोखा: अनुराग ढांडा


-लाडो लक्ष्मी योजना को बताया लाडो छलावा योजना: अनुराग ढांडा


-गरीब, विधवा और युवतियां योजना से बाहर, भाजपा ने महिलाओं से किया वादा तोड़ा: अनुराग ढांडा


चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने शनिवार को हरियाणा की भाजपा सरकार पर कड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में एक बड़े मंच पर दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त का ऐलान किया, लेकिन यह महिलाओं के साथ एक बड़ा चुनावी धोखा है।


अनुराग ढांडा ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने हरियाणा की सभी महिलाओं को ₹2100 प्रति माह देने का वादा किया था, लेकिन अब जब योजना लागू हुई है, तो केवल 3.73 प्रतिशत महिलाओं के खाते में पैसे आए हैं। इसका मतलब है कि 96.27 प्रतिशत महिलाएं ठगी गई हैं। भाजपा ने 'हर महिला' का वादा किया था, लेकिन अब वह जानबूझकर 'हर शर्त' थोप रही है।


उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसी शर्तें लागू कर दी हैं कि अधिकांश महिलाएं योजना से बाहर हो गईं। परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम होनी चाहिए, उम्र 23 साल से अधिक होनी चाहिए, और यदि किसी महिला का पति हरियाणा के बाहर है या घर में कोई पहले से पेंशन ले रहा है, तो वह भी योजना से बाहर है। गरीब परिवार की लड़कियां, कॉलेज जाने वाली युवतियां, नई बहुएं और विधवा महिलाएं सभी इस योजना से बाहर कर दी गई हैं।


ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंच पर फोटो खिंचवाकर दिखाया कि सरकार महिलाओं को सशक्त कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि यह योजना नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ मज़ाक है। भाजपा ने महिलाओं को अधिकार नहीं, अपमान दिया है। यह 'लाडो लक्ष्मी' नहीं, बल्कि 'लुटो लक्ष्मी योजना' है, जिसमें वादा करोड़ों का था, लेकिन लाभ कुछ हजार लोगों को दिया गया।


उन्होंने कहा कि भाजपा को महिलाओं की समस्याओं की परवाह नहीं है, उसे केवल अपने प्रचार की चिंता है। मुख्यमंत्री के पास प्रचार का समय है, लेकिन आम महिलाओं के लिए न तो नीति है और न ही इच्छा। उन्होंने कहा, 'महिलाएं अब भाजपा के झूठे वादों में नहीं फंसेंगी। उन्होंने सब देख लिया- मंच, भाषण और झूठ का खेल।'


आम आदमी पार्टी का कहना है कि हरियाणा की महिलाओं ने भाजपा पर भरोसा किया था, लेकिन बदले में उन्हें केवल छल, धोखा और अपमान मिला। जनता अब यह सब समझ चुकी है और आगामी चुनाव में भाजपा को इसका कड़ा जवाब देगी। अनुराग ढांडा ने कहा, 'भाजपा को अब ₹2100 का नहीं, बल्कि महिलाओं के हर वोट का हिसाब देना पड़ेगा। हरियाणा की बेटियां अब खामोश नहीं रहेंगी, वे अपना हक लेकर रहेंगी।