अमित शाह का लोकसभा में बयान: बस्तर में नक्सलवाद का अंत और विकास की नई दिशा
गृह मंत्री अमित शाह का लोकसभा में संबोधन
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ चल रहे प्रयासों पर चर्चा के दौरान अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं, जो रेड कॉरिडोर के क्षेत्र में रहते हैं, जिसमें 12 राज्य और 70 प्रतिशत भूभाग शामिल हैं।
गृह मंत्री ने यह भी बताया कि बस्तर में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि बस्तर के हर गांव में स्कूल और राशन की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग आदिवासियों के विकास की बात कर रहे हैं, वे बताएं कि पिछले 70 वर्षों में उन्होंने क्या किया?
अमित शाह ने आगे कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार के आने के बाद हर गरीब को घर, गैस, शुद्ध पानी, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त अनाज मिला। उन्होंने यह भी पूछा कि बस्तर के लोग क्यों पीछे रह गए थे?
उन्होंने कहा कि यह सत्य को झुठलाने का प्रयास है। बस्तर में विकास की कमी का कारण लाल आतंक था, जो अब मोदी सरकार के प्रयासों से समाप्त हो चुका है। अब बस्तर विकास की ओर बढ़ रहा है।
अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि 75 वर्षों में से 60 वर्षों तक शासन करने के बावजूद आदिवासियों को विकास से वंचित रखा गया। अब नरेंद्र मोदी की सरकार उनके विकास के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस से कहा कि पहले अपनी गिरेबां में झांकें और देखें कि असली दोषी कौन है।
