अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली में अमित शाह का हमला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में एक चुनावी रैली के दौरान तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि राज्य में जितने भी बड़े भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं, उनमें टीएमसी नेताओं की संलिप्तता है।
बीरभूम जिले के बोलपुर में आयोजित सभा में शाह ने कहा कि कैश-फॉर-क्वेरी, कैश-फॉर-जॉब, मवेशी और कोयला तस्करी, पीडीएस घोटाले से लेकर अवैध भूमि कब्जाने तक, हर प्रकार के भ्रष्टाचार में टीएमसी नेताओं का हाथ है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस 'कुशासन' से जनता थक चुकी है और अब विधानसभा चुनाव के माध्यम से बदलाव लाने के लिए तैयार है।
अमित शाह ने अपने भाषण में यह भी स्पष्ट किया कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम उस प्रथा को समाप्त करेंगे, जिसमें कुछ लोग एक साथ चार-चार शादियां करते हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद वे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को रात में बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है।
गृह मंत्री ने आश्वासन दिया कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो महिलाएं रात 1 बजे भी सुरक्षित रूप से बाहर जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अन्य स्थानों पर हुए अपराध दोबारा नहीं होंगे। हमारे शासन में महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि टीएमसी के असामाजिक तत्व मतदान में बाधा डालने की कोशिश करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अमित शाह ने कहा कि उन्हें सलाह है कि मतदान के दिन घर में ही रहें, अन्यथा 5 मई के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा।
