अमेरिका ने ओलेग देरिपस्का की कंपनी पर लगाया 71 लाख डॉलर का जुर्माना
अमेरिकी वित्त विभाग की कार्रवाई
अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी सहयोगी ओलेग देरिपस्का की भव्य रियल एस्टेट संपत्तियों के प्रबंधन में पाबंदियों का उल्लंघन करने के आरोप में न्यूयॉर्क स्थित एक कंपनी पर 71 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया है।
वित्त विभाग के विदेशी संपत्तियां नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) ने जानकारी दी कि ग्रेसटाउन इंक नामक संपत्ति प्रबंधन कंपनी ने देरिपस्का के स्वामित्व वाली एक कंपनी से अप्रैल 2018 से मई 2024 के बीच 24 बार भुगतान प्राप्त किया, जिसकी कुल राशि 31,250 अमेरिकी डॉलर है।
ओएफएसी ने ग्रेसटाउन को सूचित किया था कि देरिपस्का के साथ लेनदेन पर प्रतिबंध है, फिर भी कंपनी ने लेनदेन जारी रखा। देरिपस्का को 2018 से आर्थिक पाबंदियों का सामना करना पड़ रहा है, जब वित्त मंत्रालय ने उन पर आरोप लगाया था कि वे वरिष्ठ रूसी अधिकारियों के इशारे पर काम कर रहे हैं और रूस के ऊर्जा क्षेत्र में व्यापार कर रहे हैं।
इसके परिणामस्वरूप, अमेरिका में उनकी संपत्तियों पर रोक लगा दी गई थी। इसके अलावा, अमेरिकी नागरिक और कंपनियों को भी देरिपस्का के साथ किसी भी प्रकार का लेनदेन करने की अनुमति नहीं है।
