अयोध्या में धमाके से पांच लोगों की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

अयोध्या धमाका: एक ही परिवार के पांच सदस्य मारे गए
अयोध्या धमाका अपडेट: दीपावली की तैयारियों के बीच गुरुवार शाम को रामनगरी अयोध्या में हुए एक भयंकर धमाके ने हड़कंप मचा दिया। यह घटना कलंदर थाना क्षेत्र के पगलाभारी गांव में हुई, जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर विस्फोट की संभावना जताई जा रही है, लेकिन घटना के विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच जारी है। इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, धमाका पगलाभारी गांव के निवासी रामकुमार उर्फ पारसनाथ के घर में शाम लगभग 7:30 बजे हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरा घर ध्वस्त हो गया। दीवारें ताश के पत्तों की तरह गिर गईं। धमाके की आवाज से पूरा क्षेत्र हिल गया। जब पुलिस और अन्य कर्मचारी घटना की जांच के लिए पहुंचे, तो लगभग 11 बजे एक और धमाका हुआ, जिसमें लेखपाल आकाश सिंह घायल हो गए। मृतकों में तीन बच्चे और दो वयस्क शामिल हैं, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा छा गया है। लोग भयभीत हैं।
मृतक रामकुमार गुप्ता उर्फ पप्पू पटाखों का व्यवसाय करते थे। उनके घर में इससे पहले भी 2024 में एक विस्फोट हो चुका था, जिसके बाद उन्हें गांव से निष्कासित कर दिया गया था। वह अब गांव के बाहर एक नए घर में रह रहे थे। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े, जहां का दृश्य देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ते और एटीएस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर बचाव कार्य शुरू किया।
सीएम योगी का शोक संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए शुक्रवार को एक पोस्ट में लिखा, 'अयोध्या की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'
अयोध्या की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद है।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 10, 2025