Newzfatafatlogo

उत्तर प्रदेश में फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 2.05 करोड़ मतदाता कटे

उत्तर प्रदेश में निर्वाचन आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी की है, जिसमें 2.05 करोड़ मतदाताओं के नाम कट गए हैं। हालांकि, 84 लाख नए मतदाता भी जुड़े हैं। यह प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक चली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस अभियान की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद किया। जानें इस विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत क्या-क्या हुआ और कैसे आप अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
 | 
उत्तर प्रदेश में फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 2.05 करोड़ मतदाता कटे

उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट का अद्यतन

उत्तर प्रदेश: निर्वाचन आयोग ने SIR प्रक्रिया के पूरा होने के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ है। पिछले साल 2024 की तुलना में इस बार 2.05 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जबकि 84 लाख से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं। लखनऊ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।


विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक चला। इस 166 दिवसीय अभियान में सभी जनपदों, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों और मतदान केंद्रों पर अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 75 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, 403 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 12,758 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 18,026 बीएलओ सुपरवाइजरों और 1,77,516 बूथ लेवल अधिकारियों ने निष्ठा से कार्य किया। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के 5,82,877 बूथ लेवल एजेंटों और करोड़ों मतदाताओं ने भी पूर्ण सहयोग दिया।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि कार्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया गया। इसकी घोषणा 27 अक्टूबर 2025 को हुई, जिसके बाद 4 नवंबर से 26 दिसंबर तक गणना चरण चला। 6 जनवरी 2026 को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की गई और उसी दिन से 6 मार्च तक दावा और आपत्ति की प्रक्रिया जारी रही। इसके बाद 27 मार्च तक सुनवाई और निस्तारण की कार्यवाही पूरी की गई और अंततः 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई।


विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत अंतिम मतदाता सूची voters.eci.gov.in और ceouttarpradesh.nic.in पर उपलब्ध है। यदि आपका नाम सूची में नहीं है, तो आप फॉर्म 6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से किया जा सकता है और आवेदन फॉर्म डाउनलोड भी किया जा सकता है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के तहत, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के निर्णय के विरुद्ध धारा 24 (क) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख से 15 दिनों के भीतर प्रथम अपील की जा सकती है।


मसौदा सूची में 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाता दर्ज थे, जिनमें पुरुषों की संख्या 54.83 प्रतिशत और महिलाओं की 45.17 प्रतिशत थी। तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 4,119 थी, जबकि 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 3,33,981 दर्ज की गई थी। जेंडर रेशियो उस समय 824 था। अंतिम सूची में यह संख्या बढ़कर 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 हो गई। खास बात यह रही कि महिला मतदाताओं की हिस्सेदारी बढ़कर 54.54 प्रतिशत तक पहुंच गई और जेंडर रेशियो भी सुधरकर 834 हो गया।


मसौदा सूची के मुकाबले अंतिम सूची में कुल 84 लाख 28 हजार 767 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई। इसमें पुरुष मतदाताओं में 42 लाख 27 हजार 902 और महिला मतदाताओं में 42 लाख 778 की बढ़ोतरी हुई, जबकि तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश के फाइनल मतदाता सूची में अब 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 वोटर हैं। जबकि पुरानी मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ 44 लाख वोटर थे। पुरानी मतदाता सूची और नए मतदाता सूची में SIR में 2 करोड़ 5 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं।


SIR से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े



  • विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की घोषणा 27.10.2025 को की गई।

  • गणना चरण 04.11.2025 से 26.12.2025 तक चला।

  • मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन 06.01.2026 को हुआ।

  • दावा एवं आपत्ति अवधि 06.01.2026 से 06.03.2026 तक रही।

  • नोटिस चरण (सुनवाई, सत्यापन) एवं दावे और आपत्तियों का निस्तारण 06.01.2026 से 27.03.2026 तक किया गया।

  • मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10.04.2026 को हुआ।

  • 06 जनवरी, 2026 को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में कुल मतदाता 12,55,56,025 हैं।

  • पुरुष मतदाताओं की संख्या 6,88,43,159 (54.83%) है।

  • महिला मतदाताओं की संख्या 5,67,08,747 (45.17%) है।

  • तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 4,119 (0.01% से कम) है।

  • 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 3,33,981 (0.27%) है।

  • जेंडर रेशियो 824 है।


राजधानी लखनऊ में 12 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कटे हैं। वोटर लिस्ट में 2.90 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। नवंबर में एसआईआर अभियान शुरू किया गया था। उस वक्त जिले की नौ विधानसभाओं में 39,93,535 मतदाता थे। अभियान के दौरान मृत, विस्थापित और डुप्लीकेट वोटरों को बाहर करने के बाद वोटरों की संख्या करीब 27,94,397 रह गई थी। उसके बाद अभियान चलाकर नए वोटरों को जोड़ने की कवायद शुरू हुई थी.