Newzfatafatlogo

उपचुनाव: 7 राज्यों में 8 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू

भारत के 7 राज्यों में 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, मिजोरम और ओडिशा में विभिन्न सीटों पर 15 से अधिक उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। जानें किस सीट पर कौन से प्रमुख उम्मीदवार हैं और मतदान की प्रक्रिया कैसे चल रही है।
 | 
उपचुनाव: 7 राज्यों में 8 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू

उपचुनाव की प्रक्रिया

नई दिल्ली: विधानसभा उपचुनाव: 7 राज्यों में 8 सीटों पर मतदान जारी: 6 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सुबह 7 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें जम्मू-कश्मीर में बडगाम और नगरोटा, राजस्थान में अंता, झारखंड में घाटशिला, तेलंगाना में जुबली हिल्स, पंजाब में तरनतारन, मिजोरम में डम्पा और ओडिशा में नुआपाड़ा शामिल हैं।


बडगाम विधानसभा सीट पर 17 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने आगा सैयद महमूद अल-मोसावी, पीडीपी ने आगा सैयद मुंतजिर मेहंदी, भाजपा ने आगा सैयद मोहसिन मोसवी और आम आदमी पार्टी ने दीबा खान को उम्मीदवार बनाया है। नगरोटा सीट पर 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। यहां नेशनल कॉन्फ्रेंस ने शमीम बेगम, भाजपा ने देवयानी राणा और आम आदमी पार्टी ने जोगिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है।


पंजाब में तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मंगलवार सुबह मतदान शुरू हुआ। आम आदमी पार्टी के विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। इस सीट पर 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी ने तीन बार विधायक रहे हरमीत सिंह संधू को मैदान में उतारा है। भाजपा से हरजीत सिंह संधू, शिरोमणि अकाली दल से सुखविंदर कौर और कांग्रेस से कर्णबीर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।


राजस्थान के बारां जिले के अंता विधानसभा क्षेत्र में कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यह सीट मौजूदा विधायक (भाजपा) कंवर लाल मीणा को एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद खाली हुई थी। पूर्व मंत्री प्रमोद जैन 'भाया' कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा ने मोरपाल सुमन को मैदान में उतारा है।


झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर मतदाता 13 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन और भाजपा के बाबूलाल सोरेन के बीच है। सोमेश चंद्र झामुमो विधायक रामदास सोरेन के बेटे हैं, जिनके निधन के कारण यह उपचुनाव कराना पड़ा।


मिजोरम की डंपा विधानसभा पर 5 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। मुख्य विपक्षी दल एमएनएफ ने अपने वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर लालथांगलियाना को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने पार्टी उपाध्यक्ष जॉन रोटलुआंगलियाना को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने लालमिंगथांगा को उम्मीदवार बनाया है। एमएनएफ के निवर्तमान विधायक लालरिन्टलुआंगा सैलो के निधन के बाद यह उपचुनाव कराना पड़ा था।


ओडिशा की नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में 14 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। प्रमुख उम्मीदवार बीजद की स्नेहांगिनी छुरिया, भाजपा के जय ढोलकिया, कांग्रेस के घासीराम माझी और समाजवादी पार्टी के रमाकांत हाटी हैं। 8 सितंबर को बीजद विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के बाद यह उपचुनाव जरूरी हो गया था।


तेलंगाना में जुबली हिल्स उपचुनाव पर सबसे दिलचस्प मुकाबला है। यहां से 58 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने दीपक रेड्डी, कांग्रेस ने नवीन यादव और बीआरएस ने मगंती सुनीता को अपना उम्मीदवार बनाया है।