कानपुर में सपा विधायक का भाजपा मंच पर भाषण, राजनीतिक हलचल मचाई

सपा विधायक का भाजपा मंच पर भाषण
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी में सेंध लगाना शुरू कर दिया है। कानपुर के एक सपा विधायक ने भाजपा के मेयर और विधानसभा अध्यक्ष के साथ एक मंच पर खड़े होकर भाषण दिया है। विधायक ने भाजपा के प्रतीक चिन्ह वाले पोडियम से भाषण दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। कानपुर के कैंट विधानसभा से विधायक मोहम्मद हसन रूमी का भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल के सामने दिया गया भाषण राजनीतिक हलचल का कारण बन गया है।
कानपुर के महराजपुर विधानसभा से भाजपा विधायक और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने लाल बंगला स्थित केडिए चौराहे पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में जेके फस्ट चौराहे से लाल बंगला पुलिस चौकी तक सड़क निर्माण का शिलान्यास और भूमि पूजन किया गया। कानपुर की मेयर प्रमिला पाण्डेय भी इस कार्यक्रम में शामिल थीं। कार्यक्रम के दौरान सपा विधायक हसन रूमी को भी आमंत्रित किया गया था। उन्होंने भाजपा के पोडियम से भाषण देना शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। किसी ने उनका वीडियो बना लिया और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो के बाद लोगों में चर्चा होने लगी कि क्या सपा विधायक भाजपा में शामिल होने वाले हैं।
समाजवादी पार्टी के कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी के भाजपा के चुनाव निशान कमल के सामने दिए भाषण ने राजनीतिक सनसनी फैला दी है। यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।#spmla #upnews #hasanrumi pic.twitter.com/6G35aMLdHi
— Piyush Pandey (@piyush_bebak_) September 27, 2025
जब सपा विधायक हसन रूमी से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जिस सड़क का निर्माण हो रहा है, उसका एक हिस्सा कैंट विधानसभा में आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम भाजपा का नहीं था, बल्कि सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क का निर्माण किया जा रहा है और यह एक सरकारी कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को हाईजैक कर लिया था। भाजपा के चुनाव चिन्ह के इस्तेमाल पर उन्होंने अधिकारियों और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिकायत की है। रूमी ने यह भी कहा कि वह सपा के कार्यकर्ता हैं और पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फजल महूमूद ने वायरल वीडियो के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।