केजरीवाल की नीतियों ने पंजाब को पुलिस राज्य में बदल दिया: चुग

पंजाब में तानाशाही का आरोप
- पंजाब में संविधान नहीं, केजरीवाल की तानाशाही चल रही है : चुग
(चंडीगढ़) चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी को आप सरकार की "राजनीतिक प्रतिहिंसा" करार दिया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि "अगर मजीठिया वास्तव में दोषी थे, तो केजरीवाल ने 2018 में उनसे माफी क्यों मांगी?"
चुग ने आगे कहा कि "यदि वह माफी सही थी, तो यह गिरफ्तारी कैसे उचित हो सकती है? दोनों बातें एक साथ सच नहीं हो सकतीं—यही केजरीवाल का असली चेहरा है।"
उन्होंने पंजाब में बढ़ते "पुलिस राज" की ओर इशारा करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर केजरीवाल ने उसी तानाशाही सोच को पुनर्जीवित कर दिया है।
चुग ने कहा कि "युद्ध नशियान विरुद्ध" अभियान केवल एक पीआर स्टंट है, जिसका असली उद्देश्य नशे के खिलाफ लड़ाई नहीं, बल्कि विपक्षी नेताओं को डराना है।
उन्होंने मांग की कि यदि मजीठिया के खिलाफ कोई सबूत हैं, तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए और जांच निष्पक्ष होनी चाहिए।
चुग ने पंजाब के सभी विपक्षी दलों से अपील की कि वे इस दमनकारी मानसिकता के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं। उन्होंने पंजाब की जनता से भी अपील की कि वे इस अलोकतांत्रिक सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से उखाड़ फेंकने के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा, "जिस पंजाब ने इंदिरा गांधी के आपातकाल का सामना किया था, आज उसी जुझारूपन की आवश्यकता है।"