चंडीगढ़ में फिल्म 'धुरंधर' के प्रोडक्शन डिजाइनर पर दुष्कर्म का आरोप
दुष्कर्म और बंधक बनाने का मामला
चंडीगढ़: फिल्म 'धुरंधर' के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-17 थाने में एक युवती ने दुष्कर्म, मारपीट और अवैध रूप से बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में उसे जिला अदालत से जमानत मिल गई। यह मामला 21 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया था, जिसका खुलासा सोमवार को हुआ।
पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, युवती जो मूल रूप से चंडीगढ़ के खुड्डा लाहौरा की निवासी है और वर्तमान में नई दिल्ली में रह रही है, ने 20 अप्रैल को सेक्टर-17 थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे एक फाइव स्टार होटल में बुलाया, जहां उसकी ड्रिंक में संदिग्ध नशीला पदार्थ मिला दिया गया। जब उसकी हालत बिगड़ी, तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, मारपीट की और उसे गलत तरीके से बंधक बना लिया।
युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी सैनी एस. जोहरे मुंबई के अंधेरी वेस्ट में 'ओबेराय स्प्रिंग बिल्डिंग' का निवासी है। वह फिल्म इंडस्ट्री में एक प्रसिद्ध नाम है और हाल ही में फिल्म 'धुरंधर' के लिए थाईलैंड में पाकिस्तान के 'लियारी टाउन' का भव्य सेट तैयार करने के लिए चर्चा में आया था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
