जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन

सत्यपाल मलिक का निधन
नई दिल्ली। भारत के जाने-माने राजनेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक का निधन मंगलवार को हो गया। वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
सत्यपाल मलिक के निधन की सूचना उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई। पोस्ट में लिखा गया कि पूर्व गवर्नर चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक अब हमारे बीच नहीं रहे।
सूत्रों के अनुसार, मलिक पिछले कुछ महीनों से कई स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त थे। उन्हें आरएलएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। लेकिन सभी प्रयासों के बावजूद, मंगलवार को उनका निधन हो गया।
चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक ने मेघालय, गोवा, बिहार और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में राज्यपाल के रूप में कार्य किया। वे जम्मू-कश्मीर के अंतिम पूर्णकालिक राज्यपाल रहे और अपने स्पष्टवादी बयानों के लिए जाने जाते थे।
उनके निधन की खबर सुनते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। कई प्रमुख नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी सत्यपाल मलिक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि यह समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि मलिक हमेशा जनहित की बात निर्भीकता से रखते रहे। जननायक जनता पार्टी उनकी बेबाक राजनीति और सार्वजनिक जीवन में सादगी को नमन करती है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
Pic Credit : X