झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन

शिबू सोरेन का निधन
Shibu Soren Passes Away: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। 19 जून को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा, 'गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए, आज मैं शून्य हो गया हूं।' शिबू सोरेन कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।
आज सुबह हुआ निधन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिबू सोरेन ने आज सुबह 8:56 बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे और किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक भी आया था। पिछले एक महीने से उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर साझा की।
शिबू सोरेन का योगदान
शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक थे और उनकी उम्र 82 वर्ष थी। उन्हें दिशोम गुरु और गुरुजी के नाम से भी जाना जाता था। उन्होंने अपने जीवन में आदिवासियों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और उनके खिलाफ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष किया।