नितिन नवीन का विधानसभा से इस्तीफा, भावुक संदेश साझा किया
नितिन नवीन का इस्तीफा
बिहार विधानसभा ने बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन के इस्तीफे की अधिसूचना सोमवार को जारी की। नितिन नवीन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से त्याग पत्र दिया था।
विधानसभा द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह जानकारी सर्वसाधारण के लिए प्रकाशित की जा रही है कि अष्टादश बिहार विधान सभा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या-182, बांकीपुर से निर्वाचित सदस्य नितिन नवीन ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 190 (3) (ख) एवं बिहार विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के नियम-65 के तहत 30 मार्च को सदन से अपने स्थान का त्याग करने की सूचना दी है। माननीय अध्यक्ष, बिहार विधान सभा द्वारा इसे स्वीकार करने के बाद निर्वाचन क्षेत्र संख्या-182, बांकीपुर, 30 मार्च से रिक्त हो गया है।
नितिन नवीन 2006 से लगातार बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस दौरान वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बने। अब वे अपनी विधायकी छोड़कर राज्य सभा जा रहे हैं। विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद नितिन नवीन भावुक हो गए और उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया।
उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उनके मंत्री बनने तक का इंतजार किया और जैसे ही उन्होंने सफलता का वह शिखर छुआ, मां उन्हें हमेशा के लिए छोड़कर चली गईं। नितिन नवीन ने अपनी मां के साथ एक तस्वीर भी साझा की है। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ मेरा जो अटूट संबंध है, वह सदैव बना रहेगा और मुझे हमेशा नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा।
भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा के सदस्य चुने गए हैं, जिसके कारण उन्होंने अपने विधायक पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भावुक पोस्ट करते हुए लिखा, “कार्यकर्ताओं ने मुझे भाई के रूप में, परिवार के सदस्य के रूप में और अभिभावक के रूप में अंगुली पकड़कर आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। मैं पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूं कि जो परिवार का भाव उन्होंने मुझे दिया है, उसका मैं सदैव सम्मान करता रहूंगा।”
