नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, विकास की उपलब्धियों का किया जिक्र
नीतीश कुमार का इस्तीफा
नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर औपचारिक रूप से अपना त्यागपत्र सौंपा और इसके बाद लोक भवन से बाहर निकले। इस्तीफे के बाद, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के लिए एक भावुक संदेश भी साझा किया।
अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्होंने लिखा, "आप सभी को याद होगा कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार का गठन हुआ था। तब से राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है और हम विकास के कार्यों में निरंतर लगे हुए हैं। हमारी सरकार ने सभी वर्गों का विकास किया है, चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम, अपर कास्ट, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित या महादलित। हर क्षेत्र में काम हुआ है, जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि। महिलाओं और युवाओं के लिए भी कई योजनाएं बनाई गई हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "इन दिनों विकास कार्यों को और गति दी गई है। अगले पांच वर्षों के लिए सात निश्चय-3 का गठन किया गया है, जिससे बिहार और तेजी से आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केंद्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।"
नीतीश कुमार ने कहा, "हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्यपाल से मिलकर इस्तीफा सौंप दिया। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।"
