पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अदालत में पेश होने का आदेश
मुख्यमंत्री भगवंत मान को अदालत में पेश होने का निर्देश
पंजाब। मानसा के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजिंदर सिंह नागपाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को एक मई को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होने का आदेश दिया है। यह मामला मानसा के पूर्व विधायक नजर सिंह मानशाहिया द्वारा दायर किया गया है। उन पर आरोप है कि जुलाई 2019 में संगरूर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की थीं, जिसके चलते यह मामला अदालत में पहुंचा।
सूत्रों के अनुसार, पिछली सुनवाई में मुख्यमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हाजिरी लगाने की याचिका को अदालत ने अस्वीकार कर दिया था और उन्हें 28 अप्रैल को स्वयं उपस्थित होने के लिए कहा गया था। हालांकि, मंगलवार को भी वे अपनी व्यस्तताओं के कारण अदालत में नहीं आ सके। अदालत ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि अगली सुनवाई पर भी वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनकी जमानत रद्द की जा सकती है।
