पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 70 नशा तस्कर गिरफ्तार, 6 किलो हेरोइन बरामद

पंजाब पुलिस ने की छापेमारी
पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 345 स्थानों पर छापेमारी करते हुए 70 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 6 किलो हेरोइन भी बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत 51 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।
पंजाब पुलिस ने 173 दिनों में कुल 26,723 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान 5.9 किलो हेरोइन, 5 किलो अफीम, 2135 नशीली गोलियां और 51,300 रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई है।
सभी जिलों में एक साथ छापेमारी
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देश पर सभी 28 जिलों में एक साथ की गई। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों को नशा-मुक्त पंजाब बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एक 5 सदस्यीय कैबिनेट उप समिति का गठन भी किया गया है।
एक हजार से अधिक पुलिस कर्मियों ने लिया भाग
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि 66 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों की 120 से अधिक टीमों ने छापेमारी की। इस दौरान 363 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ तीन-आयामी रणनीति लागू की गई है, जिसमें प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम शामिल हैं।