पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, ममता बनर्जी की हार
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में जीती चुनावी जंग
कोलकाता। अंततः पश्चिम बंगाल में भाजपा ने अपनी जीत का परचम लहराया है। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रदेश में भाजपा ने चुनाव में सफलता प्राप्त की है। बंगाल की 293 सीटों पर दो चरणों में हुए मतदान में भाजपा ने दो तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है। देर रात तक सभी परिणाम घोषित नहीं हुए थे, लेकिन भाजपा की सीटों की संख्या 208 तक पहुंच गई थी। वहीं, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को 79 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
वोट प्रतिशत के मामले में भी भाजपा ने बढ़त बनाई है। उसे 45 प्रतिशत से अधिक वोट मिलते दिख रहे हैं, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी को लगभग 41 प्रतिशत वोट मिले हैं। अन्य दलों को करीब 14 प्रतिशत वोट मिले हैं। उल्लेखनीय है कि पिछली बार भी अन्य के खाते में 14 प्रतिशत वोट गए थे, लेकिन उन्हें केवल एक सीट मिली थी। इस बार अन्य दलों को छह सीटें मिली हैं। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 92 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
ममता बनर्जी, जो तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख हैं, भवानीपुर सीट पर चुनाव हार गई हैं। भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें उनके गढ़ में हराया। शुभेंदु अधिकारी ने अपनी पारंपरिक नंदीग्राम सीट से भी जीत हासिल की है। चुनाव परिणामों के स्पष्ट होने के बाद ममता बनर्जी ने कहा, 'भाजपा की यह जीत नहीं, बल्कि लूट है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ मिलकर जो कुछ किया है, वह पूरी तरह से गैरकानूनी है।'
सोमवार को आए चुनाव परिणामों ने कांग्रेस और वाम दलों को एक बार फिर झटका दिया है। दोनों पार्टियों ने इस बार अलग-अलग चुनाव लड़ा था। कांग्रेस को दो और सीपीएम को एक सीट मिली है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी और हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर कांग्रेस में लौटने वाली पूर्व सांसद मौसम बेनजीर नूर दोनों चुनाव हार गई हैं। बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान करने वाले हुमायूं कबीर रेजीनगर और नौदा दोनों सीटों से जीत गए हैं। राज्य की एक फालता सीट पर मतदान रोक दिया गया है, जहां 21 मई को चुनाव होगा।
बड़े नेताओं की सीटों के अलावा पानीहाटी सीट पर भी दिलचस्पी थी, जहां भाजपा ने आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ को टिकट दिया था। वे चुनाव जीत गई हैं।
इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव ने सभी विभागीय सचिवों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी सरकारी दफ्तर से कोई भी फाइल या कागज गायब न हो। चुनाव परिणामों के स्पष्ट होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया! 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।'
