पाकिस्तान की मध्यस्थता पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला
पश्चिम एशिया में पाकिस्तान की भूमिका
पश्चिम एशिया संघर्ष: कांग्रेस ने पाकिस्तान की मध्यस्थता की खबरों पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सैन्य सफलताओं के बावजूद, पाकिस्तान की कूटनीतिक सक्रियता और नैरेटिव प्रबंधन मोदी सरकार की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी रहा है।
कांग्रेस ने मंगलवार को यह भी कहा कि यदि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच मध्यस्थता में पाकिस्तान की भूमिका की खबरें सही हैं, तो यह भारत के लिए एक बड़ा झटका और अपमान है। कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों में पाकिस्तान को उन मध्यस्थों में से एक बताया गया है, जो अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बातचीत में शामिल हैं।
रमेश ने आगे कहा, "यदि ये रिपोर्टें सही हैं, तो यह भारत के लिए एक बड़ा झटका है और भारत की उपेक्षा है। पिछले एक वर्ष से यह स्पष्ट है कि ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सैन्य सफलताओं के बावजूद, पाकिस्तान की कूटनीतिक सक्रियता मोदी सरकार की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी रही है।" उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान, जो पहले से ही नाजुक स्थिति में था, अब एक नई जिंदगी पा रहा है।
उन्होंने लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप ने बार-बार उस व्यक्ति का स्वागत किया, जिसकी भड़काऊ बयानबाजी ने 2025 में पहलगाम आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि तैयार की थी। पाकिस्तानी प्रतिष्ठान ने ट्रंप के करीबी सर्कल के साथ घनिष्ठ संबंध बना लिए हैं।"
कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा, "ईरान पर अमेरिका-इजरायल के बिना उकसावे वाले हवाई हमले शुरू होने से ठीक पहले पीएम मोदी की इज़रायल यात्रा एक विनाशकारी निर्णय के रूप में दर्ज होगी, जिसने हमें मध्यस्थता की भूमिका से पीछे धकेल दिया। प्रधानमंत्री की कूटनीति की पोल खुल चुकी है, और देश को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है।"
